137 किलो क्रिस्टल मेथ की बड़ी खेप जब्त, 4 गिरफ्तार
राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने संगठित मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए, तमिलनाडु के नागपट्टिनम जिले में सक्रिय तस्करी नेटवर्क का सफलतापूर्वक भंडाफोड़ कर दिया। एजेंसी ने नागपट्टिनम के एक तटीय गांव में सिंथेटिक मादक पदार्थ क्रिस्टल मेथामफेटामाइन की कुल 137 किलो की खेप जब्त की है।
यह हाल के वर्षों में की गई सबसे बड़ी जब्तियों में से एक है। जब्त की गई प्रतिबंधित सामग्री का बाजार में अनुमानित मूल्य 100 करोड़ रुपये से अधिक है।
डीआरआई ने विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर 16 से 17 अक्टूबर 2026 के दौरान व्यापक निगरानी और प्रवर्तन अभियान चलाया। इस अभियान के अंतर्गत एक संदिग्ध तटीय तस्करी नेटवर्क का सफलता पूर्वक भंडाफोड़ किया गया। तस्कर मादक पदार्थ को समुद्र के रास्ते श्रीलंका भेजने की तैयारी में थे।
पक्की खुफिया जानकारी मिलते ही एजेंसी ने त्वरित कार्यवाही करते हुए एक संगठित तंत्र को उजागर कर दिया।
तलाशी के दौरान कुल छह बैग मिले, जिसमें सिल्वर फॉइल से लपेटे गए 27 पैकेट थे। इन पैकेट्स में एक क्रिस्टल जैसा स्वेत पदार्थ था। अधिकारियों का अनुमान है कि यह क्रिस्टलीय पदार्थ मेथामफेटामाइन हो सकता है। जब्त की गई सामग्री को स्वापक औषधि और मनः प्रभावी पदार्थ अधिनियम 1985 के प्रावधानों के अंतर्गत जब्त किया गया।
तलाशी के दौरान एजेंसी ने दस लाख रुपये भी जब्त किये हैं। बताया जा रहा है कि यह राशि मादक पदार्थ की बिक्री से प्राप्त की गई हो सकती है।
इस अभियान में एनडीपीएस अधिनियम 1985 के प्रावधानों के अंतर्गत चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

