जिंदगी की परीक्षा में सब कुछ आउट ऑफ सिलेबस : पीएम मोदी
- न्यूज़ डेस्क
- 08/08/2026
- नई दिल्ली
- आईआईटी दिल्ली, पीएम मोदी
- 0 Comments
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि जिंदगी में कठिनाइयां आएंगी लेकिन वह अपने साथ अवसर भी लाती हैं, आप सबको बस सतर्क रहना है। उन्होंने कहा कि यहां तो आपको सब पता रहता है, सब पहले से निर्धारित है परंतु ‘जिंदगी की परीक्षा में सब कुछ आउट ऑफ सिलेबस’ होता है। इसमें पहले से कुछ तय नहीं होता।
प्रधानमंत्री शनिवार (07 अगस्त, 2026) को दिल्ली स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आईआईटी) के 57वें दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने युवाओं से कहा है कि जब भी कोई चुनौती बहुत बड़ी लगने लगे, तो उससे घबराइए नहीं। उसे छोटे-छोटे टुकड़ों में बांटकर प्रयास करते रहिए।
श्री मोदी ने कहा कि जीवन में जिज्ञासा बनाए रखिए, प्रश्न पूछिए और साथ ही उनके समाधान खोजने का भी प्रयास कीजिए। यही आपकी अलग पहचान बनाएगा।
उन्होंने जेन-जी से कहा है कि आपकी डिग्री दुनिया को यह बताती है कि आप कठिन समस्याओं का समाधान करना जानते हैं। आप केवल डिग्री ही नहीं ले रहे हैं बल्कि देश के लिए कुछ करने का स्वपन लेकर यहां से निकल रहे हैं। दुनिया तेजी से बदल रही है और जब-जब ऐसा होता है तब-तब चुनौतियां भी आती हैं और नए अवसर पैदा होते हैं।
युवाओं के सशक्तिकरण पर बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, देश का युवा जितना सशक्त होगा, उतना ही सशक्त हमारा देश होगा। आज देश के युवा ऐसी उपलब्धियां प्राप्त कर रहे हैं, जो दुनिया के गिने चुने देश ही प्राप्त कर पाए हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा, “चिप से लेकर शिप तक, सब कुछ यहीं पर आप ही के हाथों से बनेगा”। देश के रिसर्च सेक्टर को मजबूती देने के लिए 1 लाख करोड़ तक की फंडिंग की व्यवस्था की जा रही है।
पीएम मोदी ने कहा, आप में से कई विद्यार्थी इस बात की तुलना कर सकते हैं कि किसे कितना पैकेज मिला, कौन किस कंपनी में गया, कौन किस देश में गया और किसने स्टार्टअप शुरू किया आदि। आपको इस प्रकार की तुलना से बचना है। स्मरण रखिए जिंदगी कोई लीडरबोर्ड नहीं है, आपका संघर्ष अन्य किसी से नहीं बल्कि स्वयं आपसे ही है।


