एयर इंडिया फ्लाइट टर्बुलेंस केस: गांजा पीकर विमान उड़ा रहा था पायलट, दूसरा डोप टेस्ट भी निकला नॉन-नेगेटिव
- न्यूज़ डेस्क
- 12/08/2026
- नई दिल्ली
- एयर इंडिया, फ्लाइट टर्बुलेंस
- 0 Comments
एयर इंडिया फ्लाइट टर्बुलेंस केस में चल रही जांच के परिणाम चौंकाने वाले हैं, मीडिया रिपोर्टर्स के अनुसार फ्लाइट एआई 2379 के पायलट-इन-कमांड का दूसरा डोप टेस्ट भी नॉन-नेगेटिव आया है। पायलट का प्राथमिक डोप टेस्ट (रैपिड टेस्ट) भी नॉन-नेगेटिव आया था, इसके परिणाम को अंतिम नहीं माना जाता है इसलिए पहले डोप टेस्ट के परिणाम की पुष्टि के लिए दूसरा टेस्ट कराया जाता है।
सूत्रों के अनुसार दूसरे टेस्ट में गांजा (मेरीजुआना) की पुष्टि हुई है। इस टेस्ट से यह स्पष्ट हो गया है कि पायलट ने मादक पदार्थ का सेवन किया था।
पिछले सप्ताह 4 अगस्त 2026 को एयरबस ए-320 विमान (रजिस्ट्रेशन नेवर बीटी-ईएक्सओ) ने फुकेत से दिल्ली के लिए उड़ान भरी। उड़ान के दौरान अचानक ही विमान लगभग 300 फीट नीचे आ गया था। इस घटना के दौरान विमान में कुल 145 सदस्य सवार थे। मीडिया सूत्रों के अनुसार विमान में हुए इस टर्बुलेंस के कारण लगभग 24 सदस्य घायल हो गए थे, जिनमें 20 यात्री और 4 केबिन क्रू के सदस्य थे।
इस घटना के सामने आने के बाद पायलट की जांच चल रही थी। जांच पूरी होने तक दोनों पायलटो को रोस्टर से हटा दिया गया है। घटना की जांच विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) और नागरिक विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) द्वारा की जा रही है।


